#प्रदेश

बलरामपुर में दर्दनाक हादसा: पति को बचाने तालाब में कूदी पत्नी, दोनों की डूबने से मौत; शव वाहन नहीं मिला

Advertisement Carousel

 

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। कुसमी थाना क्षेत्र के अमरपुर के बड़का जोभी में वन विभाग के तालाब में पति के डूबने के बाद उसे बचाने के लिए पत्नी ने भी पानी में छलांग लगा दी। दोनों तालाब से बाहर नहीं निकल सके और डूबने से उनकी मौत हो गई।मृतकों की पहचान मुनेश्वर नाग और उनकी पत्नी घुघरी नाग के रूप में हुई है।

पति को डूबता देख पत्नी ने लगाई छलांग

जानकारी के अनुसार, मुनेश्वर नाग अचानक तालाब में गिर गए और पानी में डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए उनकी पत्नी घुघरी नाग भी तालाब में उतर गईं। दोनों ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।

इसी दौरान उनकी रिश्तेदार जसमती भी दोनों को बचाने के लिए पानी में उतर गईं। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए जसमती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाले गए शव

घटना की सूचना मिलते ही कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तालाब से दोनों के शव बाहर निकलवाए। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

अस्पताल में नहीं मिला शव वाहन

बताया जा रहा है कि कुसमी CHC में शव वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण मृतक दंपती के परिजनों को निजी वाहन से शव अस्पताल ले जाना पड़ा। इस व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मर्ग

कुसमी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक दंपती के परिवार में मातम पसरा हुआ है।