CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में 3 दिन बारिश का दौर, कई जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। 20 अगस्त को कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।
मानसून ट्रफ और लो प्रेशर सिस्टम सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बारिश के पीछे उत्तर झारखंड और उससे लगे दक्षिण-पश्चिमी बिहार व दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र प्रमुख वजह है। इसके साथ मानसून ट्रफ भी सक्रिय है, जो इस सिस्टम के केंद्र से होकर बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में लगातार नमी पहुंच रही है।
इन जिलों में ज्यादा बारिश के आसार
20 अगस्त को राजनांदगांव, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश की गतिविधियां अधिक रहने का अनुमान है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।
इन इलाकों में हल्की बारिश
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, रायगढ़ और कोरबा समेत कई जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
20 अगस्त के बाद कमजोर होगा बारिश का जोर
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश जारी रहेगी। हालांकि 20 अगस्त के बाद भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। यानी बारिश पूरी तरह खत्म नहीं होगी, लेकिन लगातार तेज बारिश का दौर कमजोर पड़ सकता है।
रायपुर में बादल और गरज-चमक के साथ बारिश
राजधानी रायपुर में 20 अगस्त को दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
सुकमा में भारी बारिश
पिछले 24 घंटों में सुकमा जिले के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं बलरामपुर के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश हुई। प्रदेश में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।




