सोशल मीडिया पर अभद्र पोस्ट का मामला: ‘CG मोटू पतलू’ के दो अकाउंट पर FIR, साइबर सेल जांच में जुटी

रायपुर। सोशल मीडिया पर नेताओं, अधिकारियों और आम लोगों के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी और भ्रामक जानकारी पोस्ट करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने ‘CG मोटू पतलू’ नाम से संचालित दो सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, cg_motu_patlu_18 और cg_motu_patlu_1257 नामक अकाउंट से कथित तौर पर अभद्र और आपत्तिजनक पोस्ट किए जा रहे थे। इन पोस्ट में पक्ष-विपक्ष के नेताओं के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों और आम जनता को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने की शिकायत मिली थी।
BNS और IT Act के तहत मामला दर्ज
शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ BNS की धारा 296 और IT Act की धारा 67 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब पोस्ट से जुड़े तथ्यों, अकाउंट संचालकों और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच कर रही है।
साइबर सेल की तकनीकी टीम जांच में जुटी
सेंट्रल जोन डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने बताया कि ‘मोटू-पतलू’ नाम से बनाए गए सोशल मीडिया पेज के जरिए सरकार, प्रशासनिक अधिकारियों और आम जनता के संबंध में कथित तौर पर अभद्र टिप्पणियां की जा रही थीं। शिकायत मिलने के बाद जांच कर अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
उन्होंने बताया कि साइबर सेल की तकनीकी टीम अकाउंट और उससे जुड़ी गतिविधियों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जा सकती है।





