खेल मंत्री अरुण साव ने ‘नेशनल स्पोर्ट्स टाइम्स छत्तीसगढ़’ के पहले अंक का किया विमोचन, खिलाड़ियों को मिलेगा नया मंच

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने सोमवार को अपने नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में मासिक हिंदी खेल पत्रिका ‘नेशनल स्पोर्ट्स टाइम्स छत्तीसगढ़’ के प्रथम अंक का विमोचन किया।
इस अवसर पर पत्रिका के प्रधान संपादक इंद्रजीत मौर्य, कार्यकारी संपादक प्रियेश चौबे, वरिष्ठ खेल समीक्षक हरीश हर्ष, वरिष्ठ पत्रकार रत्नाकर त्रिपाठी, खेल मंत्री के निज सचिव दिलीप कुमार ठाकुर, देव सिंह साहू और वरिष्ठ खेल समीक्षक हरेंद्र नागेश साहू समेत पत्रिका से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।
विमोचन के बाद खेल मंत्री अरुण साव ने पत्रिका का अवलोकन किया और इसमें प्रकाशित खिलाड़ियों से जुड़ी रिपोर्टों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे प्रयास महत्वपूर्ण हैं।
छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को मिलेगा नया मंच
अरुण साव ने कहा कि ‘नेशनल स्पोर्ट्स टाइम्स छत्तीसगढ़’ के प्रकाशन से प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी उपलब्धियों और प्रतिभा को सामने लाने का एक नया मंच मिलेगा। उन्होंने पत्रिका की पूरी टीम को प्रथम अंक के प्रकाशन पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।





