पाकिस्तान में बड़ा हादसा: सरकारी अस्पताल के स्त्री रोग वार्ड में भीषण आग, 15 नवजातों की मौत की खबर

इस्लामाबाद। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में बुधवार सुबह एक सरकारी अस्पताल में आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसा पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) के स्त्री रोग वार्ड में हुआ, जहां नवजात बच्चों के भर्ती होने की जानकारी सामने आई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आग की घटना में 15 नवजात बच्चों की मौत होने की खबर है। हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने अभी मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। PIMS की प्रवक्ता डॉ. अनीजा जलील के अनुसार, आग लगने के समय वार्ड में करीब 15 बच्चे मौजूद थे, लेकिन रात में कुछ बच्चों को छुट्टी दिए जाने की संभावना के कारण वास्तविक संख्या स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सुबह करीब 7 बजे लगी आग, वार्ड में भर गया धुआं
अस्पताल प्रशासन के अनुसार आग सुबह करीब 7 बजे लगी। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह माना जा रहा है। वहीं, रेस्क्यू अधिकारियों का कहना है कि नर्सरी के अंदर एयर कंडीशनर का कंप्रेसर फटने के बाद आग लगी और देखते ही देखते वार्ड में धुआं भर गया।दमकल और राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। फिलहाल घटनास्थल पर कूलिंग का काम किया जा रहा है।
आग की वजह और सुरक्षा व्यवस्था की होगी जांच
हादसे के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच के लिए अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की है। समिति आग लगने के वास्तविक कारणों के साथ अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच करेगी। यह भी देखा जाएगा कि आग से निपटने में कहीं किसी स्तर पर लापरवाही या सुरक्षा संबंधी चूक तो नहीं हुई।




