#crime #प्रदेश

रक्षाबंधन से पहले भाई ने खेला खूनी खेल, 20 मिनट में दो बहनों की हत्या; पति को भी मारी गोली

Advertisement Carousel

 

रुड़की। रक्षाबंधन से कुछ दिन पहले रुड़की में एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को दहला दिया। मंगलवार शाम एक भाई ने करीब 20 मिनट के भीतर अपनी दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी। पहली वारदात सड़क पर हुई, जबकि दूसरी बहन को आरोपी ने उसके घर पहुंचकर गोली मारी। इस दौरान बहन के पति को भी गोली लगी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

ई-रिक्शा रुकवाकर बड़ी बहन को मारी गोली

पहली वारदात प्रीत विहार के पास सेक्टर रोड पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक संगीता उर्फ शकुंतला ई-रिक्शा से जा रही थी। इसी दौरान आरोपी भाई वहां पहुंचा और ई-रिक्शा रुकवाकर उसे गोली मार दी।

गोली लगते ही महिला सड़क पर गिर पड़ी। अचानक हुई फायरिंग से राहगीरों में भगदड़ मच गई। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना फैलने के बाद बीएसएम तिराहा, मालवीय चौक, गणेशपुर समेत आसपास के इलाकों में भी लोगों की भीड़ जमा हो गई और यातायात प्रभावित हुआ।

दूसरी बहन के घर पहुंचकर किया हमला

पहली वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सीधे सुभाषनगर पहुंचा। वहां उसकी दूसरी बहन पुष्पा घर पर मौजूद थी। बताया जा रहा है कि जैसे ही उसने दरवाजा खोला, आरोपी ने उस पर गोली चला दी।

गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकल आए। इसी दौरान पुष्पा के पति संदीप भी बाहर आए, तो आरोपी ने उन्हें भी गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पारिवारिक विवाद की बात सामने आई

दोनों हत्याओं के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि भाई-बहनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। एक बहन कुछ दिन पहले इसी विवाद को लेकर कोतवाली भी पहुंची थी।

हालांकि, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने किसी शिकायत के मिलने से इनकार किया है। पुलिस के मुताबिक अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। दोनों बहनों का मायका चुड़ियाला क्षेत्र में बताया जा रहा है।

दोहरे हत्याकांड से शहर में दहशत

करीब 20 मिनट के अंतराल में हुई दो हत्याओं से रुड़की में सनसनी फैल गई। घटनास्थलों पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और पुलिस ने जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने फरार आरोपी को देर रात गिरफ्तार कर लिया। अब उससे पूछताछ कर दोहरे हत्याकांड के पीछे की वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा रहा है।