सुपौल में तेज रफ्तार कार ने कीर्तन कर रहे लोगों को कुचला, 5 की मौत; सड़क पर उतरे आक्रोशित लोग

सुपौल। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार कार ने बड़ा हादसा कर दिया। कटैया चौक के पास NH-327E पर सड़क किनारे झूलन पूजा के दौरान कीर्तन कर रहे लोगों को अनियंत्रित कार ने रौंद दिया। हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
कीर्तन के दौरान बेकाबू हुई कार
जानकारी के अनुसार, कटैया चौक के पास झूलन पूजा को लेकर कुछ लोग सड़क किनारे कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान पिपरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में तिलो दास, राजो दास और सुरेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बन गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान दो और मौत
हादसे में गंभीर रूप से घायल भुवनेश्वरी यादव और कृष्णा साह को इलाज के लिए सुपौल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई।
वहीं घायल रामचंद्र यादव का सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
हादसे के बाद NH-327E पर हंगामा, सड़क जाम
दुर्घटना की खबर मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। हादसे से नाराज स्थानीय लोगों ने NH-327E को जाम कर दिया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ।पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया और जाम हटाने की कोशिश शुरू की।
सदर अस्पताल में भी आक्रोश
हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग सुपौल सदर अस्पताल पहुंच गए। यहां भी आक्रोशित लोगों ने हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए देर रात एसडीएम और एसडीपीओ पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।
बाद में डीएम सावन कुमार और एसपी सरथ आरएस भी सदर अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में तेज रफ्तार और कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




