महाकाल मंदिर में कांवड़ियों का हंगामा, गर्भगृह में घुसने की कोशिश; सुरक्षाकर्मियों से मारपीट, कई घायल

उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार दोपहर दर्शन व्यवस्था को लेकर कांवड़ियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ कांवड़ियों ने निर्धारित व्यवस्था का उल्लंघन करते हुए नंदी हॉल से गर्भगृह की ओर जाने का प्रयास किया। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद मामला हाथापाई और मारपीट तक पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि कांवड़िये भगवान महाकाल को जल अर्पित करने की निर्धारित व्यवस्था के बजाय नंदी हॉल के रास्ते गर्भगृह में प्रवेश करना चाहते थे। सुरक्षाकर्मियों के रोकने पर विवाद बढ़ गया और कथित तौर पर कांवड़ियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी।
बैरिकेड और दान पेटियों को नुकसान पहुंचाने का आरोप
मंदिर सूत्रों के अनुसार, विवाद के दौरान कुछ लोगों ने नंदी हॉल में लगी बैरिकेडिंग को तोड़ दिया। आरोप है कि व्यवस्था के लिए लगाए गए बैरिकेड और दान पेटियों को भी इधर-उधर किया गया। इसके बाद उन्होंने गर्भगृह में प्रवेश करने की कोशिश की।
सुरक्षाकर्मी के सिर में गंभीर चोट
कांवड़ियों को रोकने के दौरान सुरक्षाकर्मियों और उनके बीच धक्का-मुक्की और मारपीट हुई। घटना में एक सुरक्षाकर्मी के सिर में गंभीर चोट आई है। वहीं कुछ अन्य सुरक्षाकर्मियों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इस घटना ने महाकाल मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और दर्शन प्रबंधन को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।




