State Sports Awards: राष्ट्रीय खेल दिवस पर छत्तीसगढ़ के 82 खिलाड़ियों को मिलेगा राज्य खेल अलंकरण, CM साय करेंगे सम्मान

रायपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं के सम्मान का भव्य आयोजन किया जाएगा। 29 अगस्त को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 82 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को राज्य खेल अलंकरण प्रदान करेंगे। इसके साथ ही 5 टीमों के 43 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।
29 अगस्त को रायपुर में होगा राज्य खेल अलंकरण समारोह
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में 29 अगस्त को शाम 4 बजे से राज्य खेल अलंकरण समारोह आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती और राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर होगा।
तीन वर्षों के लिए 125 खिलाड़ियों को मिलेगा सम्मान
समारोह में वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के लिए कुल 125 उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए जाएंगे। इनमें शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान और मुख्यमंत्री ट्रॉफी शामिल हैं।
अरुण साव करेंगे समारोह की अध्यक्षता
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव समारोह की अध्यक्षता करेंगे। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इसके अलावा राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, रायपुर जिले के विधायक, महापौर मीनल चौबे और जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल समेत अन्य जनप्रतिनिधि समारोह में मौजूद रहेंगे।
खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की पहल
राज्य खेल अलंकरण के जरिए छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों के योगदान को सम्मानित करेगी। समारोह में सम्मानित होने वाली खेल प्रतिभाओं को इससे आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।




