रक्षाबंधन पर सीएम साय का बड़ा संदेश, बोले- बहनों का स्नेह और आशीर्वाद मेरे लिए अनमोल

रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व स्नेह और उल्लास के साथ मनाया गया। समाज के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचीं माताओं-बहनों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनों का स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए अनमोल है और यह प्रदेश की सेवा के संकल्प को और मजबूत करता है।
महिला सशक्तिकरण को बताया सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी का पर्व है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। कार्यक्रम में महिला पत्रकारों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, लखपति दीदियों, ड्रोन दीदियों, ई-रिक्शा दीदियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़ी महिलाओं ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी।
68 लाख महिलाओं को मिल रहा महतारी वंदन का लाभ
सीएम ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की करीब 68 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। रक्षाबंधन के मद्देनजर योजना की 31वीं किस्त के रूप में 631 करोड़ रुपये से अधिक की राशि 25 अगस्त को ही महिलाओं के खातों में ट्रांसफर की गई।
उन्होंने कहा कि इस योजना ने महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाया है। महिलाएं इस राशि का इस्तेमाल बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, घरेलू जरूरतों, बचत और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों में कर रही हैं।
13.85 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ को 8 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य मिला था, लेकिन प्रदेश ने इससे आगे बढ़ते हुए पिछले दो वर्षों में 13 लाख 85 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाया है। उन्होंने इसे प्रदेश की महिलाओं के परिश्रम और उद्यमशीलता का प्रमाण बताया।
उन्होंने कहा कि ड्रोन दीदी, ई-रिक्शा दीदी और स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अब रोजगार और आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं।
महिला पत्रकारों के योगदान की सराहना
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद महिला पत्रकारों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता साहस, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का क्षेत्र है। महिला पत्रकार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए समाज को देश-दुनिया की जानकारी उपलब्ध करा रही हैं।
जवानों को राखी बांधकर जताया सम्मान
मुख्यमंत्री ने रायपुर में आयोजित ‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि स्व-सहायता समूहों, दिव्यांग बहनों और शहीद जवानों के परिवारों की महिलाओं ने सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ और आईटीबीपी समेत विभिन्न सुरक्षा बलों के करीब 1600 जवानों की कलाई पर राखी बांधी। सीएम ने कहा कि त्योहारों पर परिवार से दूर रहकर देश की सुरक्षा में जुटे जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करना सभी का दायित्व है।
महिलाओं को उद्यमिता के लिए प्रोत्साहन
सीएम साय ने कहा कि सरकार महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि आर्थिक विकास का मजबूत भागीदार बनाना चाहती है। महिलाओं को उद्योग और व्यवसाय के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए नई औद्योगिक नीति में विशेष प्रावधान किए गए हैं। महिलाओं के नाम जमीन की रजिस्ट्री पर पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है।
उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं और औद्योगिक नीति का लाभ उठाकर स्वयं उद्यम स्थापित करने तथा रोजगार देने वाली उद्यमी बनने का आह्वान किया।
‘विकसित छत्तीसगढ़’ में मातृशक्ति की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का सपना मातृशक्ति के सशक्तिकरण के बिना पूरा नहीं हो सकता। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की हर माता-बहन को सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिलें।
रक्षाबंधन पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सीएम साय ने कहा कि बहनों का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद सरकार की शक्ति है। मातृशक्ति के सामर्थ्य से ही सशक्त परिवार, समृद्ध समाज और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण होगा।





