#प्रदेश

सुकमा में 2 दिन में 47 छात्राएं बीमार, पोटाकेबिन में मचा हड़कंप; बुखार-उल्टी और दस्त की शिकायत

Advertisement Carousel

 

सुकमा। सुकमा जिले के बालिका पोटाकेबिन पोलमपल्ली में लगातार दो दिनों के भीतर 47 छात्राओं के अचानक बीमार पड़ने से हड़कंप मच गया है। छात्राओं को बुखार, उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद उपचार के लिए दोरनापाल स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इनमें एक छात्रा की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए सुकमा जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

23 छात्राओं का दोरनापाल में इलाज जारी

स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद कुछ छात्राओं की हालत में सुधार हुआ और उन्हें पोटाकेबिन वापस भेज दिया गया। वहीं 23 छात्राओं का इलाज अभी दोरनापाल स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। एक छात्रा को गंभीर स्थिति के चलते सुकमा जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।

पोटाकेबिन में 350 छात्राएं, भोजन-पानी की व्यवस्था पर सवाल

बालिका पोटाकेबिन पोलमपल्ली में करीब 350 छात्राएं अध्ययनरत हैं। लगातार छात्राओं के बीमार होने के बाद संस्थान में भोजन, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

हालांकि, छात्राओं के अचानक बीमार पड़ने की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हुई है। बीमारी के पीछे दूषित भोजन, पानी या किसी संक्रमण की आशंका समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और छात्राओं की स्थिति की लगातार निगरानी कर रही है।