#Uncategorized

बस्तर से कांग्रेस का संगठन मजबूत करने की कवायद, जगदलपुर में ब्लॉक अध्यक्षों का 3 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

Advertisement Carousel

 

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए बस्तर संभाग से ब्लॉक अध्यक्षों के संभागीय प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत की। जगदलपुर में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने दीप प्रज्वलित कर किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में बस्तर संभाग के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के साथ मास्टर ट्रेनर्स भी शामिल हुए। शिविर के दौरान संगठन को बूथ और ब्लॉक स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की भूमिका को प्रभावी बनाने और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने को लेकर चर्चा की गई।

संगठन को नई दिशा देने पर मंथन

कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने पार्टी संगठन की मौजूदा स्थिति और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता को लेकर विचार-विमर्श किया। प्रशिक्षण के दौरान ब्लॉक अध्यक्षों को संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी तरीके से संचालित करने और आम लोगों से जुड़कर उनकी समस्याओं को पार्टी के मंच तक पहुंचाने को लेकर मार्गदर्शन दिया गया।

दीपक बैज बोले- प्रशिक्षण से मिलेगी नई ऊर्जा

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बस्तर संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों का यह प्रशिक्षण शिविर संगठन को नई ऊर्जा, दिशा और मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन के लिए ब्लॉक और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

शिविर के शुभारंभ अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदु, पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, विधायक लखेश्वर बघेल, विधायक सावित्री मंडावी, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, पूर्व विधायक चंदन कश्यप, कनेक्ट सेंटर के को-चेयरमैन अशोक चतुर्वेदी और प्रशिक्षण प्रभारी युगल पांडे समेत बस्तर संभाग के सभी जिला कांग्रेस अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेसजन मौजूद रहे।

तीन दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में संगठनात्मक रणनीति, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण और चर्चा होगी।