#प्रदेश

CM साय का बड़ा ऐलान: छत्तीसगढ़ में ‘हनुमान अंश’ टैक्स फ्री, परिवार के साथ देखी फिल्म

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विषय पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ को अब दर्शकों के लिए और सुलभ बनाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फिल्म देखने के बाद इसे प्रदेश में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने राजधानी रायपुर के जोरा मॉल स्थित सिनेमाघर में सपरिवार फिल्म देखी।

इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी अपने परिवार के साथ मौजूद रहे। मंत्रिपरिषद के सदस्यों और विभिन्न निगम-मंडल एवं आयोगों के अध्यक्षों ने भी फिल्म देखी।

फिल्म देखने के बाद लिया फैसला

फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा से लोगों को परिचित कराने वाली प्रेरणादायी फिल्मों को अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंचना चाहिए। इसी उद्देश्य से ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री किया गया है।

उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के लोगों, खासकर युवाओं को भारत की समृद्ध संत परंपरा और उससे जुड़े जीवन मूल्यों को समझने का अवसर मिलेगा।

नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित है फिल्म

‘हनुमान अंश’ फिल्म नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी आध्यात्मिक यात्रा तथा सेवा और भक्ति के संदेश पर आधारित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संत परंपरा ने सदियों से समाज को सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है।

उन्होंने नीम करौली बाबा के जीवन को इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण बताते हुए कहा कि उनका संदेश मानव सेवा और लोककल्याण से जुड़ा है।

‘मानव सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा’

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नीम करौली बाबा ने बेहद सरल जीवन और सहज शब्दों के माध्यम से प्रेम, सेवा और भक्ति का संदेश दिया। उनके विचारों में मानवता और सभी के प्रति समान भाव को विशेष महत्व दिया गया। आज के दौर में भी उनका यह संदेश समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

सिनेमा मनोरंजन के साथ संस्कार का भी माध्यम

मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक, कलाकारों और पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए समाज तक विचार, संस्कार और प्रेरणा भी पहुंचाई जा सकती है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित फिल्में युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और मानवीय मूल्यों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन सकती हैं।

सेवा और सद्भाव के मूल्यों को आगे बढ़ाने पर जोर

CM साय ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक शक्ति उसकी हजारों वर्षों पुरानी परंपराओं और जीवन मूल्यों में निहित है। सेवा, करुणा, सद्भाव और मानव कल्याण जैसे मूल्यों को आगे बढ़ाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘हनुमान अंश’ इन्हीं मूल्यों को सरल और प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने का प्रयास है।

इस अवसर पर मंत्रिपरिषद के सदस्यों, विभिन्न निगम-मंडल एवं आयोगों के अध्यक्षों सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।