#प्रदेश

Big News : छत्तीसगढ़ की सियासत में बड़ा उलटफेर! मंत्री खुशवंत साहब के बड़े भाई ढाल दास कांग्रेस में शामिल, भूपेश बघेल ने पहनाया गमछा

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। सतनामी समाज के प्रमुख धर्मगुरु गुरु बालदास के बड़े पुत्र और मंत्री खुशवंत साहब के बड़े भाई ढाल दास ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। रायपुर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद भूपेश बघेल ने ढाल दास का पार्टी का गमछा पहनाकर स्वागत किया। उनके कांग्रेस में आने के साथ ही प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

सतनामी समाज से जुड़े परिवार का सियासी समीकरण चर्चा में

ढाल दास का कांग्रेस में प्रवेश इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि उनका परिवार सतनामी समाज में प्रभावशाली माना जाता है। उनके पिता गुरु बालदास समाज के प्रमुख धर्मगुरुओं में शामिल हैं, जबकि छोटे भाई खुशवंत साहब भाजपा सरकार में मंत्री हैं।

ऐसे में परिवार के वरिष्ठ सदस्य का कांग्रेस में शामिल होना प्रदेश की राजनीति में एक दिलचस्प सियासी समीकरण के तौर पर देखा जा रहा है।

कांग्रेस के लिए क्यों अहम है ढाल दास की एंट्री?

सतनामी समाज का छत्तीसगढ़ की राजनीति में महत्वपूर्ण प्रभाव रहा है। ऐसे में ढाल दास के कांग्रेस में आने से पार्टी को सामाजिक स्तर पर कितना राजनीतिक लाभ मिलेगा, इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं, भाजपा सरकार में मंत्री खुशवंत साहब के परिवार से जुड़े इस घटनाक्रम को लेकर भी राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का इंतजार है।फिलहाल ढाल दास के कांग्रेस प्रवेश ने प्रदेश की सियासत में एक नया राजनीतिक एंगल जरूर जोड़ दिया है।