#प्रदेश

रायपुर में कल से Property Expo का आगाज, 250 से ज्यादा प्रोजेक्ट्स होंगे प्रदर्शित; बुकिंग पर रजिस्ट्री-स्टांप ड्यूटी में 50% छूट

Advertisement Carousel

रायपुर। अगर आप अपना घर, प्लॉट, विला या कमर्शियल प्रॉपर्टी खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो राजधानी रायपुर में शुक्रवार से शुरू हो रहा क्रेडाई प्रॉपर्टी एक्सपो 2026 आपके लिए खास मौका हो सकता है। बूढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में 18 से 20 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस एक्सपो में 50 बिल्डर्स के 250 से अधिक प्रोजेक्ट्स प्रदर्शित किए जाएंगे।

 

तीन दिवसीय प्रॉपर्टी एक्सपो का शुभारंभ शुक्रवार शाम 6 बजे होगा। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं विधायक राजेश मूणत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विधायक सुनील सोनी, विधायक मोतीलाल साहू और रायपुर महापौर मीनल चौबे विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगी।

बुकिंग पर मिलेगी 50% छूट

एक्सपो की सबसे बड़ी खासियत बुकिंग से जुड़ी विशेष छूट है। आयोजकों के मुताबिक, एक्सपो के दौरान प्रॉपर्टी बुक करने वाले ग्राहकों को रजिस्ट्री और स्टाम्प ड्यूटी में 50 फीसदी की छूट दी जाएगी। इससे प्रॉपर्टी खरीदने वाले ग्राहकों को सीधे आर्थिक लाभ मिलने की बात कही गई है।

फ्लैट से लेकर प्लॉट और कमर्शियल स्पेस तक विकल्प

एक्सपो में अलग-अलग बजट और जरूरत के हिसाब से प्रॉपर्टी के कई विकल्प उपलब्ध होंगे। यहां फ्लैट, बंगला, मकान, विला, प्लॉट और कमर्शियल स्पेस से जुड़े प्रोजेक्ट्स प्रदर्शित किए जाएंगे। रायपुर के साथ अटल नगर-नवा रायपुर और प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में प्रॉपर्टी तलाशने वालों के लिए भी विकल्प मौजूद रहेंगे।

आसान फाइनेंस के लिए बैंकों के स्टॉल

प्रॉपर्टी खरीदने वालों की सुविधा के लिए एक्सपो में विभिन्न बैंकों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। यहां ग्राहक होम लोन और फाइनेंस से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकेंगे। आयोजकों के अनुसार, एक्सपो में शामिल बिल्डर्स क्रेडाई के सदस्य हैं और उनके प्रोजेक्ट्स संबंधित नियमों के तहत पंजीकृत हैं।

RERA हेल्पडेस्क से मिलेगी जानकारी

प्रॉपर्टी खरीदते समय दस्तावेज, रेरा नियम, पजेशन और कानूनी प्रक्रिया से जुड़े सवालों के लिए एक्सपो में RERA हेल्पडेस्क भी बनाया जा रहा है। ग्राहक यहां विशेषज्ञों से अपने सवालों के जवाब और जरूरी जानकारी ले सकेंगे।

50 बिल्डर्स, 250 से ज्यादा प्रोजेक्ट्स

क्रेडाई छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष पंकज लाहोटी, चेयरमैन मृणाल गोलछा, सचिव अभिषेक बच्छावत समेत पदाधिकारियों ने बताया कि एक्सपो में क्रेडाई से जुड़े करीब 50 बिल्डर्स हिस्सा ले रहे हैं। उनके 250 से अधिक प्रोजेक्ट्स यहां प्रदर्शित होंगे। आयोजन का उद्देश्य ग्राहकों को एक ही जगह पर प्रॉपर्टी के अलग-अलग विकल्प, फाइनेंस और जरूरी जानकारी उपलब्ध कराना है।

18 से 20 सितंबर तक चलने वाले इस एक्सपो में ग्राहक अपनी पसंद की प्रॉपर्टी देख सकते हैं और उपलब्ध ऑफर के तहत बुकिंग भी कर सकते हैं।