#प्रदेश

अमित जोगी के खिलाफ भाजपा ने खोला मोर्चा, FIR की मांग को लेकर थाने पहुंचे राजेश मूणत; पुलिस को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम

Advertisement Carousel

रायपुर: जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर कथित आपत्तिजनक वीडियो साझा करने के मामले में भाजपा नेताओं ने एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता सिविल लाइन थाने पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपते हुए वीडियो तैयार करने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

बेडरूम के दृश्य दिखाना उचित नहीं: राजेश मूणत

इस दौरान विधायक राजेश मूणत ने कहा कि अमित जोगी ने प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर जिस तरह का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया है, वह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि राजनीति में सिद्धांतों और विचारों की लड़ाई होती है और अपनी बात रखने का एक निर्धारित तरीका होता है।

मूणत के मुताबिक, राजनीतिक विरोध के नाम पर किसी की चरित्र हत्या करना और वीडियो में बेडरूम के दृश्य दिखाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इस वीडियो की पटकथा लिखने और इसे तैयार करने वाले सभी लोगों के खिलाफ शिकायत की गई है।

भाजपा ने पुलिस को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम

राजेश मूणत ने पुलिस प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि वीडियो के पीछे जिन लोगों की भूमिका है और जो इसके रचयिता हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने पर भाजपा कार्यकर्ता दोबारा थाने पहुंचेंगे।

फिलहाल पुलिस की ओर से शिकायत पर की गई कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।