नंदीग्राम उपचुनाव से पहले TMC को बड़ा झटका, प्रत्याशी संचिता प्रधान दे ने वापस लिया नाम

कोलकाता। नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव से पहले ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले कालीघाट तृणमूल गुट को बड़ा झटका लगा है। पार्टी प्रत्याशी संचिता प्रधान दे ने शुक्रवार को अपना नामांकन वापस ले लिया। नामांकन वापसी से पहले उनकी मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात भी हुई थी।
शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात के बाद लिया फैसला
संचिता प्रधान दे अपने पति के साथ कोलकाता के मैदान इलाके स्थित पीडब्ल्यूडी टेंट पहुंचीं, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की। इसके कुछ ही देर बाद उनके नामांकन वापस लेने की खबर सामने आई। मुलाकात के बाद संचिता के हवाले से कहा गया कि वह मुख्यमंत्री का आशीर्वाद लेने पहुंची थीं।
शिक्षक भर्ती मामले से जुड़ा रहा है नाम
कालीघाट तृणमूल ने रविवार को नंदीग्राम उपचुनाव के लिए संचिता प्रधान दे को अपना उम्मीदवार घोषित किया था। वह नंदीग्राम के बोयाल प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका रह चुकी हैं। शिक्षक भर्ती मामले में 26 हजार नियुक्तियां रद्द होने के बाद उनकी नौकरी भी चली गई थी। इसके बाद उन्हें नंदीग्राम से उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई थी।
ममता बनर्जी के लिए अहम है नंदीग्राम
नंदीग्राम ममता बनर्जी के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सीट रही है। 2021 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी को इसी सीट पर शुभेंदु अधिकारी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद से नंदीग्राम दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक संघर्ष का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
हाल में तृणमूल कांग्रेस के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर दोनों गुटों के बीच विवाद के बाद निर्वाचन आयोग ने दोनों पक्षों को अलग-अलग नाम और प्रतीक आवंटित किए हैं। ममता बनर्जी के गुट को कालीघाट तृणमूल नाम और फुटबॉल खिलाड़ी चुनाव चिह्न मिला है, जबकि ऋतब्रत बनर्जी गुट को गणतांत्रिक तृणमूल कांग्रेस नाम और खाम चुनाव चिह्न दिया गया है।
फलता में भी प्रत्याशी ने छोड़ा था मैदान
इससे पहले दक्षिण 24 परगना जिले की फलता सीट पर हुए पुनर्मतदान से ठीक एक दिन पहले तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी जहांगीर खान (पुष्पा) ने चुनाव मैदान से हटने की घोषणा की थी। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। अब नंदीग्राम में भी प्रत्याशी के नामांकन वापस लेने के बाद राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चा तेज हो गई है।




