CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, आज से कई इलाकों में बारिश के आसार; गरज-चमक के साथ वज्रपात का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। शनिवार से प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर वज्रपात की भी चेतावनी जारी की है। शुक्रवार को राजधानी रायपुर में दिनभर उमस और गर्मी के बाद शाम को बादल छाए और बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।
उत्तरी अंडमान सागर में बनेगा कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग के अनुसार 19 सितंबर की शाम के आसपास उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटे में कई इलाकों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसमी बारिश अब भी सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम है।
शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 34 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रहा।
बारिश के आंकड़ों की बात करें तो पथरिया में 4 सेमी, सूरजपुर और बम्हनीडीह में 3-3 सेमी तथा उसूर, जनकपुर-भरतपुर, बागबहरा और करतला में 2-2 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
रायपुर में भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में 19 सितंबर को आकाश आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
अगले दो दिन बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार 19 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात भी हो सकता है। अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि गरज-चमक और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और सुरक्षित स्थान पर रहें।





