CG News: कैंसर के खिलाफ जंग में स्क्रीनिंग और संवेदनशील इलाज जरूरी, CM साय बोले- मरीज को अकेला महसूस न होने दें

रायपुर। कैंसर के खिलाफ लड़ाई सिर्फ बीमारी के इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि मरीज का मनोबल बनाए रखना और उसे भावनात्मक सहयोग देना भी उतना ही जरूरी है। चिकित्सकों का संवेदनशील व्यवहार और परिवार-सamाज का साथ मरीज में बीमारी से लड़ने का हौसला बढ़ाता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर के मेफेयर में आयोजित चौथे BMC छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 के शुभारंभ अवसर पर यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंसर दुनिया के सामने गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों में शामिल है। बीमारी का असर सिर्फ मरीज के शरीर पर नहीं, बल्कि उसके मानसिक, पारिवारिक और आर्थिक जीवन पर भी पड़ता है। ऐसे में कैंसर के उपचार में समग्र दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत है।
समय पर जांच से बढ़ती है इलाज की संभावना
CM साय ने कहा कि कैंसर के खिलाफ लड़ाई में समय पर पहचान और स्क्रीनिंग बेहद महत्वपूर्ण है। शुरुआती अवस्था में बीमारी की पहचान होने पर उपचार की संभावनाएं बेहतर होती हैं। उन्होंने कॉन्क्लेव में शामिल विशेषज्ञों से ऐसी आधुनिक तकनीकों और शोध पर मंथन करने का आग्रह किया, जिससे कैंसर की जल्द पहचान हो और इलाज ज्यादा सस्ता व आम लोगों की पहुंच में हो।
उन्होंने कहा कि इस तरह के कॉन्क्लेव चिकित्सकों, शोधकर्ताओं और स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुभव साझा करने का महत्वपूर्ण मंच हैं। यहां होने वाला विचार-विमर्श भविष्य की उपचार पद्धतियों और स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दे सकता है।
‘सर्वाइकल कैंसर मुक्त छत्तीसगढ़’ का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम संभव है। उन्होंने सर्वाइकल कैंसर मुक्त छत्तीसगढ़ से सर्वाइकल कैंसर मुक्त भारत की दिशा में आगे बढ़ने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि BMC का वार्षिक कैंसर कॉन्क्लेव इस दिशा में विशेषज्ञों के बीच संवाद और नए प्रयासों के लिए महत्वपूर्ण मंच है।
प्रदेश में बढ़ रही मेडिकल सुविधाएं
CM साय ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक चिकित्सा सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर लगातार काम कर रही है। छत्तीसगढ़ बनने के समय प्रदेश में सिर्फ एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि अब शासकीय और निजी मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। पांच नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी काम चल रहा है।
उन्होंने कहा कि कैंसर सहित गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए चिकित्सा संस्थानों में विशेषज्ञता, आधुनिक उपकरण और जरूरी अधोसंरचना विकसित की जा रही है, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े।
इलाज के खर्च की चिंता कम करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि गंभीर बीमारी के दौरान इलाज का खर्च परिवार की परेशानी बढ़ा देता है। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक कठिनाई किसी जरूरतमंद के उपचार में बाधा न बने।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को 5 लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा मिल रही है। वहीं मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को 25 लाख रुपये तक की उपचार सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
बस्तर में 34 लाख लोगों की स्क्रीनिंग
CM साय ने बताया कि दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए भी सरकार काम कर रही है। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत करीब 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई है। इनमें लगभग 40 हजार लोगों में विभिन्न बीमारियों की पहचान कर उन्हें उपचार से जोड़ा गया है।
उन्होंने कहा कि स्क्रीनिंग का उद्देश्य बीमारियों की शुरुआती चरण में पहचान कर मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।
नवा रायपुर में बनेगी 5 हजार बेड की मेडिसिटी
मुख्यमंत्री ने बताया कि नवा रायपुर में करीब 100 एकड़ क्षेत्र में 5 हजार बिस्तरों की क्षमता वाली मेडिसिटी विकसित की जा रही है। इससे प्रदेश में विशेषज्ञ और सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव हैं और वर्ष 2047 के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रदेश के लोगों का स्वस्थ और सशक्त होना जरूरी है।
कैंसर मरीजों का बनेगा व्यवस्थित डेटाबेस : स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि कैंसर की रोकथाम, स्क्रीनिंग, शोध और आधुनिक उपचार के लिए देश-दुनिया के विशेषज्ञों का एक मंच पर आना प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि BMC और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से प्रदेश में 500 से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं। इन शिविरों के जरिए लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक करने और समय पर जांच के लिए प्रेरित किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य में कैंसर को नोटिफाई करने का निर्णय लिया गया है। इससे कैंसर मरीजों का व्यवस्थित डेटाबेस तैयार करने और उनके उपचार व स्वास्थ्य संबंधी जानकारी का बेहतर संधारण करने में मदद मिलेगी। सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए HPV टीकाकरण को भी मिशन मोड में आगे बढ़ाया जा रहा है।
200 से ज्यादा राष्ट्रीय और 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ शामिल
‘Restoring Balance to Cancer Care’ थीम पर आयोजित इस कॉन्क्लेव में देश-विदेश के कैंसर विशेषज्ञ, चिकित्सक, शोधकर्ता और स्वास्थ्य क्षेत्र के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन में 200 से अधिक राष्ट्रीय और 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ शामिल हैं। इस बार स्त्री रोग संबंधी कैंसर और प्रोस्टेट कैंसर पर विशेष चर्चा की जा रही है।
महिलाओं के कैंसर उपचार पर विशेष फोकस
बालको मेडिकल सेंटर की मेडिकल डायरेक्टर डॉ. भावना सिरोही ने कहा कि कैंसर की रोकथाम बीमारी का बोझ कम करने का प्रभावी तरीका है। उनका कहना है कि केवल भौगोलिक दूरी की वजह से किसी मरीज की गुणवत्तापूर्ण उपचार तक पहुंच प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि BMC HPV टीकाकरण कार्यक्रमों और स्व-जांच जैसी सुलभ विधियों के जरिए सरकारी प्रयासों को सहयोग दे रहा है। उन्नत इंटरस्टिशियल ब्रैकीथेरेपी के जरिए सर्वाइकल कैंसर के उपचार में बेहतर परिणाम हासिल करने पर भी काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए BMC में नया स्तन स्वास्थ्य क्लिनिक शुरू किया गया है, जिसे महिला कैंसर विशेषज्ञों की टीम संचालित कर रही है।
CM साय ने देखी कैंसर उपचार की आधुनिक तकनीक
कॉन्क्लेव के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कैंसर जागरूकता, शुरुआती पहचान, स्क्रीनिंग और उपचार की नवीन तकनीकों से जुड़े स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन परियोजना का शुभारंभ भी किया।
मुख्यमंत्री ने विशेषज्ञों से आधुनिक तकनीकों की कार्यप्रणाली, कैंसर की शुरुआती पहचान में उनकी उपयोगिता और उपचार के क्षेत्र में हो रहे नए शोध की जानकारी ली। उन्होंने यह भी जाना कि इन तकनीकों को प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक किस तरह अधिक सुलभ बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में BMC की मेडिकल डायरेक्टर डॉ. भावना सिरोही, पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति मेडिकल कॉलेज रायपुर के डीन डॉ. विवेक चौधरी, ई-कैंसर की प्रतिनिधि डॉ. सुज़ाना स्टेनवे, वाइस एडमिरल आरती सरीन सहित देश-विदेश से आए चिकित्सक, शोधकर्ता और स्वास्थ्य विशेषज्ञ मौजूद रहे।





