#प्रदेश

CG News: सुकमा के पोटाकेबिन में पहली कक्षा की छात्रा की मौत, बिगड़ी तबीयत के बाद घर लाते ही तोड़ा दम

Advertisement Carousel

 

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से पोटाकेबिन में पढ़ने वाली पहली कक्षा की छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। ऐर्राबोर पोटाकेबिन में अध्ययनरत बच्ची की तबीयत कई दिनों से खराब थी। गंभीर हालत में परिजन उसे छात्रावास से घर लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने छात्रावास प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।

मृतका की पहचान मेटटागुड़ा निवासी मड़कम देवे के रूप में हुई है। वह कोंटा विकासखंड के ऐर्राबोर पोटाकेबिन में पहली कक्षा में पढ़ रही थी। परिजनों के मुताबिक, बच्ची की तबीयत पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं थी। जानकारी मिलने पर वे 27 सितंबर को उसे घर लाने के लिए पोटाकेबिन पहुंचे, लेकिन उस समय बच्ची की हालत काफी गंभीर थी।

बाढ़ ने बढ़ाई मुश्किल, घर पहुंचने में हुई देरी

बताया जा रहा है कि क्षेत्र में बाढ़ के कारण रास्ता बाधित था। इसके चलते परिजन बच्ची को समय पर घर नहीं ला सके। लगातार बिगड़ती हालत के बीच जब उसे घर लाया गया, तो उसने दम तोड़ दिया।

अधीक्षिका पर लापरवाही का आरोप

बच्ची की मौत के बाद परिजनों में छात्रावास प्रबंधन और अधीक्षिका के खिलाफ आक्रोश है। परिजनों का आरोप है कि बच्ची की तबीयत बिगड़ने के बावजूद उसकी स्थिति को गंभीरता से नहीं लिया गया और इलाज में लापरवाही बरती गई।

DEO ने गठित कराई जांच टीम

मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है। जांच के बाद ही छात्रा की मौत के पूरे घटनाक्रम और लापरवाही के आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।