#राष्ट्रीय

Flydubai Flight: 174 यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट की PM मोदी ने की तारीफ, बोले- स्मित मच्छार हैं हीरो

Advertisement Carousel

 

नई दिल्ली। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लायदुबई की फ्लाइट में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कॉकपिट में पायलट और को-पायलट के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार गंभीर रूप से घायल हुए। इसके बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में मदद की, जिससे यात्रियों और क्रू को हमलावर को काबू करने का मौका मिला। विमान में करीब 174 यात्री सवार थे।

पीएम मोदी ने बताया ‘हीरो’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच X पर उन्हें हीरो बताते हुए कहा कि बेहद खतरनाक परिस्थितियों और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए साहस दिखाया। पीएम ने कहा कि उनकी बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बची और एक बड़ी त्रासदी टल गई। उन्होंने कैप्टन मच्छार के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।

क्या हुआ था विमान में?

फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। उड़ान के दौरान कॉकपिट में मौजूद को-पायलट ने कथित तौर पर कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला कर उन्हें चाकू से घायल कर दिया। इसी दौरान विमान अचानक तेजी से नीचे उतरने लगा। घटना के बाद विमान ने आपात स्थिति का संकेत दिया और उसे सऊदी अरब के ताबुक की ओर मोड़ दिया गया।

रिपोर्टों के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में मदद की। इसके बाद कुछ यात्रियों ने कॉकपिट में पहुंचकर हमलावर को काबू किया। विमान में मौजूद दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने बाद में विमान को संभाला और ताबुक में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई।

इजरायली पीएम नेतन्याहू ने भी की तारीफ

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी भारतीय पायलट की बहादुरी की सराहना की। उन्होंने कैप्टन मच्छार को सच्चा हीरो बताते हुए कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने साहस दिखाया और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में मदद की, जिससे यात्रियों और क्रू को हमलावर पर काबू पाने का मौका मिला। नेतन्याहू के मुताबिक, इस घटना में विमान में सवार 174 लोगों की जान बची।

ताबुक के अस्पताल में चल रहा इलाज

घटना के बाद कैप्टन स्मित मच्छार को सऊदी अरब के ताबुक स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार उनकी हालत स्थिर बताई गई है। मच्छार इससे पहले करीब 11 साल तक स्पाइसजेट के साथ काम कर चुके हैं और जून 2022 से फ्लायदुबई में कैप्टन के रूप में कार्यरत हैं।

इस पूरी घटना की जांच संबंधित सऊदी और इजरायली अधिकारियों के साथ फ्लायदुबई भी कर रहा है। हमले के पीछे को-पायलट की मंशा को लेकर जांच जारी है।