Mahanadi Water Dispute: दिल्ली रवाना हुए CM साय, अमित शाह की अध्यक्षता में होगी अहम बैठक

रायपुर। छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल विवाद को लेकर आज नई दिल्ली में अहम बैठक होने जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी शामिल होंगे। दोनों राज्यों के मुख्य सचिव और तकनीकी समितियों के सदस्य भी बैठक में मौजूद रहेंगे।
जल बंटवारे पर होगी चर्चा
दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महानदी जल विवाद को लेकर दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने केंद्रीय जल आयोग (CWC) को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि दोनों प्रदेशों के हित में जो भी निर्णय होगा, दोनों सरकारें उसे स्वीकार करेंगी।
महानदी जल विवाद के समाधान को लेकर जुलाई में भी केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल की अध्यक्षता में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक हुई थी। केंद्र की ओर से बातचीत, तकनीकी सहयोग और आपसी सहमति के जरिए समाधान की कोशिश की जा रही है।
सिंगापुर दौरे पर भी बोले CM साय
मुख्यमंत्री साय ने अपने प्रस्तावित सिंगापुर दौरे को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह छत्तीसगढ़ की विकास उपलब्धियों और संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखने का अवसर होगा।
दौरे के दौरान वे निवेशकों और व्यापार जगत से जुड़े लोगों से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस दौरे से कौशल विकास, तकनीक और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के क्षेत्र में नए अवसर तलाशने में मदद मिल सकती है।




