#crime #प्रदेश

Shahjahanpur Crime: मंदिर परिसर में दो सेवादारों की जली लाशें मिलने से सनसनी, जमीन विवाद में हत्या की आशंका

Advertisement Carousel

शाहजहांपुर। खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव में गुरुवार सुबह प्राचीन मंदिर परिसर में दो सेवादारों के जले हुए शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान गोपाल दास और बाबा बिहारी दास के रूप में हुई है। दोनों मंदिर परिसर में रहकर धार्मिक कार्यों में सेवा करते थे।

10 मीटर की दूरी पर मिले दोनों शव
सुबह मंदिर पहुंचे ग्रामीणों ने परिसर में दोनों सेवादारों के शव पड़े देखे। दोनों शव एक-दूसरे से करीब 10 मीटर की दूरी पर थे और बुरी तरह जले हुए थे। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी और फोर्स मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जमीन कब्जे को लेकर हत्या की आशंका
एसपी सौरभ दीक्षित के मुताबिक, शुरुआती जांच में मंदिर की जमीन पर कब्जे की नीयत से वारदात किए जाने की आशंका है। पुलिस को गांव के ही सुमित सिंह पर शक है।
ग्रामीणों के अनुसार, सुमित कुछ समय पहले ही जेल से बाहर आया था और कथित तौर पर दोनों सेवादारों पर मंदिर छोड़ने का दबाव बना रहा था। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

दोहरे हत्याकांड से गांव में दहशत
मंदिर परिसर में दो सेवादारों की हत्या और शव जलाए जाने की घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हत्या की वजह, घटनाक्रम और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।