#प्रदेश

Chhattisgarh News: पुलिस स्मृति दिवस पर CM विष्णुदेव साय ने शहीद जवानों को किया नमन, बोले- जवानों का बलिदान हमेशा रहेगा याद

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। माना स्थित चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने देश की एकता, अखंडता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों के योगदान को याद किया।

शहीद जवानों के समर्पण को किया याद

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस उन वीर जवानों के साहस और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने राष्ट्र और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनका समर्पण हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।

उन्होंने कहा कि यह दिन केवल शहीदों को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों को अपनाने और राष्ट्रसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का भी दिन है।

कठिन परिस्थितियों में भी कर्तव्य निभाते हैं जवान

सीएम साय ने कहा कि पुलिस के जवान विपरीत परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और समाज में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।

उन्होंने शहीद जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि उनका साहस और कर्तव्यपरायणता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में जवानों के बलिदान को सराहा

मुख्यमंत्री ने कहा कि दशकों तक नक्सलवाद की हिंसा और भय का सामना करने वाले छत्तीसगढ़ ने शांति, सुरक्षा और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने इस बदलाव का श्रेय सुरक्षा बलों के साहस, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान को दिया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री ने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्र और समाज की सुरक्षा के लिए उनके योगदान को नमन किया।