हसदेव नदी में छलांग लगाने वाले आरक्षक का 72 घंटे बाद मिला शव, आत्मघाती कदम की वजह तलाश रही पुलिस

कोरबा। मोरगा चौकी क्षेत्र में हसदेव नदी में छलांग लगाने वाले आरक्षक सुनील बेक का शव करीब 72 घंटे बाद सोमवार को बरामद कर लिया गया। 23 अक्टूबर को केंदई के पास पुल पर उनकी बाइक और मोबाइल समेत जरूरी दस्तावेज मिले थे। इसके बाद नदी में छलांग लगाने की आशंका पर एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया था।
जानकारी के अनुसार, आरक्षक सुनील बेक सरगुजा जिले के प्रेमनगर थाना अंतर्गत तारापुर चौकी में पदस्थ थे। 23 अक्टूबर को उनकी बाइक क्रमांक CG 14 MX 1898 केंदई के पास पुल पर खड़ी मिली। बाइक के पास मोबाइल फोन, पर्स, पुलिस आईडी कार्ड और आधार कार्ड भी बरामद हुआ था।
मामले की सूचना मिलने पर मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से मिले सामान और दस्तावेजों के आधार पर बाइक आरक्षक सुनील बेक की होने की पुष्टि हुई। इसके बाद नदी में छलांग लगाने की आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ के गोताखोरों की टीम को बुलाया गया।
करीब 72 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद एसडीआरएफ ने आखिरकार आरक्षक का शव नदी से बरामद कर लिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरक्षक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसके पीछे क्या वजह थी, पुलिस इसकी जानकारी जुटाने में लगी है।




