#प्रदेश

Chhattisgarh Rajyotsav 2026: अमित शाह ने 36 विभूतियों और संस्थाओं को किया सम्मानित, पत्रकारिता से लेकर कला-साहित्य तक की प्रतिभाओं को मिला राज्य अलंकरण

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में प्रदेश की प्रतिभाओं और संस्थाओं का सम्मान किया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नवा रायपुर में आयोजित समारोह में साहित्य, पत्रकारिता, कला, संस्कृति, खेल, कृषि, समाजसेवा, शिक्षा और जनजातीय उत्थान सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 36 विभूतियों एवं संस्थाओं को राज्य अलंकरण प्रदान किए। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस समारोह में प्रदेश की उपलब्धियों और प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनके योगदान को प्रतिष्ठित पहचान दी गई।

साहित्य, पत्रकारिता और कला के क्षेत्र में भी सम्मान

राज्य अलंकरण के तहत हिन्दी प्रिंट मीडिया के लिए चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार रायपुर के प्रमोद कुमार साहू को प्रदान किया गया। हिन्दी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए यह पुरस्कार बरुण सखाजी और रसिका पांडेय को संयुक्त रूप से मिला। अंग्रेजी प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार शिशिर रॉय चौधरी को दिया गया।

साहित्य के क्षेत्र में पं. सुन्दरलाल शर्मा सम्मान डॉ. बिहारीलाल साहू, लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार दुर्गा प्रसाद पारकार और पंडित माधव राव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान अनंत विजय को प्रदान किया गया। हबीब तनवीर सम्मान डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर को मिला, जबकि किशोर साहू सम्मान सैयद ताहिर अली (करन खान) और किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण मोहन सुंदरानी को प्रदान किया गया।

लोककला, संगीत और संस्कृति की प्रतिभाओं का सम्मान

चक्रधर सम्मान शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य के क्षेत्र में योगदान के लिए डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति को दिया गया। दाऊ मंदराजी सम्मान रेखा जलक्षत्री, लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान साधना यादव और खुमान साव सम्मान चंद्रभूषण वर्मा को प्रदान किया गया।

पंथी नृत्य के लिए देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार सी.एल. रात्रे को और पंडवानी कला के लिए डॉ. तीज़न बाई सम्मान चेतन लाल देवांगन को मिला।

खेल, कृषि और सहकारिता में योगदान को सराहना

खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गुण्डाधूर सम्मान संजू देवी को प्रदान किया गया। तीरंदाजी में योगदान के लिए महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान टोमन कुमार को मिला।

कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार पुन्नीदास भट्ट को दिया गया। सहकारिता के क्षेत्र में ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार प्राथमिक कुडुक मछुवा सहकारी समिति मर्यादित, चित्रकोट को प्रदान किया गया।

समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण और जनजातीय उत्थान का सम्मान

शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान डुमन लाल ध्रुव को आदिवासी सामाजिक चेतना एवं उत्थान के क्षेत्र में योगदान के लिए दिया गया। गुरु घासीदास सामाजिक चेतना एवं अनुसूचित जाति उत्थान सम्मान सुखचंद भास्कर को मिला।

महिला उत्थान एवं जनजागृति के लिए मिनीमाता सम्मान लोक आस्था सेवा संस्थान, गरियाबंद को प्रदान किया गया। महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष और नारी उत्थान के लिए माता बहादुर कलारिन सम्मान बुलबुल बैदया को मिला। सामाजिक समरसता के क्षेत्र में महाराजा अग्रसेन सम्मान बाबूलाल अग्रवाल और संत रविदास सम्मान जगदीश प्रसाद देशमुख को प्रदान किया गया।

चिकित्सा, श्रम और अन्य क्षेत्रों में भी अलंकरण

धन्वन्तरि सम्मान डॉ. दिनेश कुमार नाग को आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में योगदान के लिए दिया गया। मत्स्य पालन के क्षेत्र में श्रीमती बिलासादेवी केंवट मत्स्य विकास पुरस्कार प्रदीप कुमार सोनी को मिला।

अपराध अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार ध्रुव को प्रदान किया गया। श्रम के क्षेत्र में स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, यूनिट कुकुरडीह, सीमेंट वर्क्स, सरकीपार को मिला।

इसके अलावा यति यतनलाल सम्मान विश्व गीता धेनू गोविन्द पक्षी सेवा धाम, कुम्हारी; पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान तेजस्विनी सेवा प्रतिष्ठान; डॉ. भंवरसिंह पोर्ते आदिवासी सेवा पुरस्कार श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल, नवा रायपुर; छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान दीपाली सरावगी; राजेश्री महंत वैष्णवदास जी महाराज संस्कृत भाषा पुरस्कार डॉ. बहुरन सिंह पटेल; बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान कौस्तुभ शुक्ला और हेमन्त कुमार मिश्र तथा चेंदरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार सत्येन्द्र कुमार उपाध्याय ‘सन्नी’ को प्रदान किया गया।

प्रदेश की प्रतिभाओं को मिला प्रतिष्ठित मंच

राज्योत्सव के समापन समारोह में आयोजित राज्य अलंकरण कार्यक्रम प्रदेश की प्रतिभाओं, सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों के सम्मान का महत्वपूर्ण अवसर बना। इन पुरस्कारों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति, साहित्य, सामाजिक समरसता, जनजातीय परंपराओं और जनसेवा के क्षेत्र में योगदान को पहचान दी गई।