#crime #प्रदेश

500 रुपये के विवाद में हैवानियत! किशोर पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, रील बनाने के लिए वारदात का वीडियो रिकॉर्ड करने का आरोप

Advertisement Carousel

कोलकाता में दिल दहला देने वाली घटना, आंखों पर पट्टी बांधकर किशोर को जलाया; दो नाबालिग समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

कोलकाता। सोशल मीडिया पर रील बनाने का जुनून किस हद तक खतरनाक हो सकता है, इसका एक सनसनीखेज मामला पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से सामने आया है। यहां तीन आरोपियों ने कथित तौर पर एक किशोर की आंखों पर पट्टी बांधकर उसके शरीर पर पेट्रोल डाल दिया और आग लगा दी। आरोप है कि पूरी वारदात का वीडियो सोशल मीडिया रील बनाने के लिए रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, पीड़ित के परिवार ने हमले के पीछे 500 रुपये के पुराने विवाद को वजह बताया है। पुलिस ने मामले में दो नाबालिगों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

तालाब के पास ले जाकर किशोर को बनाया निशाना

पुलिस के मुताबिक, घटना 27 अक्टूबर को दक्षिण कोलकाता के लेनिन नगर इलाके में हुई। किशोर अपने घर लौट रहा था, तभी आरोपियों ने उसे रास्ते में रोक लिया और एक तालाब के पास ले गए। वहां उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी गई और जबरन हेलमेट पहनाया गया। किशोर ने विरोध करते हुए हेलमेट उतारने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने कथित तौर पर उसे पेट्रोल पिलाने का भी प्रयास किया। इसके बाद उसके शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।

वायरल वीडियो में कैद हुई खौफनाक वारदात

घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में एक आरोपी स्कूटर की डिक्की से पेट्रोल की बोतल निकालता दिखाई देता है। इसके बाद किशोर पर पेट्रोल डाला जाता है। दूसरा आरोपी माचिस फेंकता है और तीली जलाकर किशोर की ओर फेंक देता है। आग लगते ही किशोर चीखते हुए वहां से भागने लगता है। इस दौरान आसपास मौजूद लोग उसे बचाने के लिए दौड़ पड़ते हैं।

क्या 500 रुपये के लिए किया गया जानलेवा हमला?

पीड़ित के परिजनों का आरोप है कि इस पूरी घटना के पीछे पैसों का पुराना विवाद है। परिवार के मुताबिक, किशोर ने करीब छह महीने पहले एक आरोपी से 500 रुपये उधार लिए थे, जिसे वह वापस कर चुका था। इसके बावजूद आरोपियों ने उसे निशाना बनाया। दूसरी ओर, पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि आरोपियों ने सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए इस वारदात का वीडियो रिकॉर्ड किया था।

दो नाबालिग समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने गुरुवार को मामले में दो नाबालिगों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गरफा पुलिस थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई है। घायल किशोर की छाती और पेट पर जलने के घाव हैं। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई गई है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस पैसों के विवाद और सोशल मीडिया रील बनाने समेत सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल वारदात के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हुई है।