Close

भानुप्रतापपुर उपचुनाव :कांग्रेस प्रत्याशी तय करने के लिए चुनाव समिति की बैठक कल

रायपुर। भानुप्रतापपुर विधानसभा सीट के लिए प्रत्याशी चयन के लिए कल प्रभारी महासचिव पी एल पुनिया की अध्यक्षता में कांग्रेस की प्रदेश चुनाव समिति की बैठक होगी। इसमें उम्मीदवारों का पैनल बनाया जाएगा। इसके बाद पैनल हाईकमान को भेजा जाएगा। भानुप्रतापपुर विधानसभा सीट के लिए स्व. मनोज मंडावी की पत्नी सावित्री मंडावी, वीरेश ठाकुर और हेमंत ध्रुव को दावेदार बताया जा रहा है। सावित्री मंडावी ने विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पांच नवंबर को सरकारी नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। इस कारण सावित्री मांडवी के चुनाव लड़ने की संभावना ज्यादा बताई जा रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम आज दिनभर भानुप्रतापपुर के कार्यकर्ताओं और कांकेर जिले के नेताओं से चर्चा करेंगे। मोहन मरकाम कल ही राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में सम्मिलित होकर सीधे कोंडागांव पहुंचे और वहां से भानुप्रतापपुर गए हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी हिमाचल प्रदेश के चुनाव प्रचार से आज रायपुर लौट आएंगे। प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में भाग लेने के लिए महासचिव पी एल पुनिया आज शाम को दिल्ली से रायपुर पहुंचेंगे।
प्रदेश चुनाव समिति में श्री पुनिया के अलावा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल,प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, मंत्री टी एस सिंहदेव, शिव डेहरिया , राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी, कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री, प्रदेश संगठन महामंत्री अमरजीत चावला, रवि घोष , महिला कांग्रेस अध्यक्ष, युवक कांग्रेस अध्यक्ष और एनएसयूआई अध्यक्ष रहेंगे।

scroll to top