#प्रदेश

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ की PEKB कोयला खदान ने रचा इतिहास, लगातार 5वीं बार मिला 5-स्टार सम्मान; राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया प्रदेश का मान

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपलब्धि का परचम लहराया है। सरगुजा जिले में स्थित परसा ईस्ट एंड कांटा बासन (PEKB) ओपनकास्ट कोयला खदान को लगातार पांचवीं बार देश की सर्वोच्च 5-स्टार रेटिंग से सम्मानित किया गया है। भारत सरकार के कोयला मंत्रालय ने वित्त वर्ष 2024-25 के वार्षिक स्टार रेटिंग मूल्यांकन में खदान को प्रतिष्ठित ‘5 स्टार अचीवर्स प्राइज’ से नवाजा है। सुरक्षित, वैज्ञानिक और पर्यावरण अनुकूल खनन के क्षेत्र में मिली यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

रायपुर में आयोजित समारोह में मिला राष्ट्रीय सम्मान

यह सम्मान 2 नवंबर को रायपुर के मेफेयर लेक रिसॉर्ट में आयोजित ‘स्टार रेटिंग अवार्ड समारोह-2026’ में प्रदान किया गया। कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने खदान प्रबंधन को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार दिया।

पीईकेबी खदान को उच्च सुरक्षा मानकों, परिचालन दक्षता, वैज्ञानिक खनन पद्धतियों और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया है।

राजस्थान की बिजली परियोजनाओं के लिए अहम है PEKB

पीईकेबी खदान का संचालन परसा केंटे कोलियरीज लिमिटेड द्वारा किया जाता है। यह राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड की तापीय विद्युत परियोजनाओं के लिए कोयले का प्रमुख स्रोत है।

यहां से होने वाली कोयले की आपूर्ति राजस्थान की 4,340 मेगावाट क्षमता वाली तापीय विद्युत इकाइयों को ऊर्जा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इससे लाखों उपभोक्ताओं तक बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।

इसके अलावा माइन डेवलपर एवं ऑपरेटर के रूप में अदाणी नेचुरल रिसोर्सेज द्वारा संचालित पीईकेबी और गारे पेलमा सेक्टर-तीन कोयला खदानों को भी 5-स्टार रेटिंग मिली है।

देश की सिर्फ 50 खदानों को मिली 5-स्टार रेटिंग

वित्त वर्ष 2024-25 के मूल्यांकन में देशभर की केवल 50 कोयला खदानों को 5-स्टार रेटिंग के लिए चुना गया। इनमें 15 भूमिगत और 35 ओपनकास्ट खदानें शामिल हैं। खास बात यह है कि इन 50 खदानों में छत्तीसगढ़ की सिर्फ पांच खदानों को जगह मिली है।

यह मूल्यांकन कोल कंट्रोलर ऑर्गेनाइजेशन की ओर से नियुक्त स्वतंत्र विशेषज्ञों और अधिकृत एजेंसियों द्वारा किया जाता है। इसमें कई महत्वपूर्ण मानकों पर खदानों के प्रदर्शन की जांच होती है।

सुरक्षा से लेकर पर्यावरण संरक्षण तक इन मानकों पर हुआ मूल्यांकन

खदानों को स्टार रेटिंग देने के लिए उत्पादन, परिचालन दक्षता, तकनीकी नवाचार, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, पर्यावरण प्रबंधन और स्थानीय समुदायों के कल्याण जैसे मानकों पर परखा जाता है।

पीईकेबी खदान में खनन गतिविधियों के साथ पर्यावरण संरक्षण, भूमि पुनर्वास, जैव विविधता संवर्धन और हरित आवरण बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

जिम्मेदार खनन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की बड़ी उपलब्धि

लगातार पांचवीं बार सर्वोच्च सम्मान हासिल करना पीईकेबी खदान के लिए बड़ी उपलब्धि है। यह सम्मान खदान में कार्यरत इंजीनियरों, श्रमिकों और प्रबंधन के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान देता है। साथ ही सुरक्षित खनन, पर्यावरणीय संतुलन और देश की ऊर्जा जरूरतों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की दिशा में छत्तीसगढ़ की भूमिका को भी रेखांकित करता है।