Raipur News: महावीर निर्वाण दिवस पर 8 नवंबर को मांस-मटन की बिक्री पर प्रतिबंध, होटल और दुकानें भी रहेंगी बंद

Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार, 8 नवंबर 2026 को महावीर निर्वाण दिवस के अवसर पर मांस-मटन की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आदेश के पालन में रायपुर नगर निगम ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। प्रतिबंध के तहत शहर के सभी पशुवध गृह और मांस-मटन की दुकानें बंद रहेंगी। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने जारी किया आदेश, दुकानों पर होगी निगरानी
नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, महावीर निर्वाण दिवस पर रायपुर नगर निगम के संपूर्ण क्षेत्र में मांस-मटन की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा। आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जोन स्वास्थ्य अधिकारियों और जोन स्वच्छता निरीक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में मांस-मटन की दुकानों का निरीक्षण करेंगे और प्रतिबंध के पालन पर नजर रखेंगे।
होटलों में भी मांस-मटन की बिक्री पर रहेगी रोक
महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर प्रतिबंध का दायरा होटलों और अन्य प्रतिष्ठानों तक भी लागू रहेगा। इस दिन किसी भी होटल या प्रतिष्ठान में मांस-मटन की बिक्री नहीं की जा सकेगी। यदि कोई संचालक आदेश का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है, तो मौके पर ही मांस-मटन जब्त किया जाएगा। साथ ही संबंधित व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।नगर निगम ने सभी दुकानदारों, होटल संचालकों और व्यापारियों से आदेश का पालन करने की अपील की है।




