CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी ठंड, अगले 3 दिन में 3 डिग्री तक गिरेगा पारा; जानें रायपुर समेत प्रदेश का मौसम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब मौसम का मिजाज बदलने लगा है। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान का असर कमजोर पड़ने के साथ ही प्रदेश में बारिश का दौर थमने लगा है। मौसम शुष्क होते ही न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो गया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में सुबह और रात के वक्त हल्की ठंड महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले तीन दिनों में रात के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। ऐसे में नवंबर के दूसरे सप्ताह में ठंड का असर और बढ़ने के आसार हैं।
आज से शुष्क रहेगा छत्तीसगढ़ का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में आज यानी 7 नवंबर से मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।
पिछले 24 घंटे में कहां हुई बारिश?
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान कोहकामेटा में सर्वाधिक 4 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। तापमान की बात करें तो रायपुर और माना में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर में कैसा रहेगा आज का मौसम?
राजधानी रायपुर में 7 नवंबर को आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सुबह और रात के समय हल्की ठंड का एहसास होगा।
आंध्र प्रदेश के तट पर चक्रवाती परिसंचरण
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी तेलंगाना और उससे सटे तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर ऊपरी वायु में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। यह समुद्र तल से करीब 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। हालांकि, इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में फिलहाल किसी बड़े मौसमी बदलाव के संकेत नहीं हैं।




