#राष्ट्रीय

Microsoft Outage: माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का एयरलाइन सेवाओं पर असर, स्पाइसजेट की दिल्ली से 3 उड़ानें रद्द

Advertisement Carousel

नई दिल्ली: माइक्रोसॉफ्ट में आई तकनीकी खराबी का असर अब भारत की विमानन सेवाओं पर भी दिखने लगा है. इस आउटेज के चलते स्पाइसजेट ने शुक्रवार सुबह दिल्ली से संचालित होने वाली तीन उड़ानें रद्द कर दीं. वहीं, कुछ अन्य उड़ानों के परिचालन में भी देरी हुई है. हालांकि, एअर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि उसकी उड़ान सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं. एयरलाइनों ने यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जांचने की सलाह दी है.

स्पाइसजेट की तीन उड़ानें रद्द, दो में हुई देरी

माइक्रोसॉफ्ट की तकनीकी गड़बड़ी के कारण स्पाइसजेट की दिल्ली से पुणे, लेह और मुंबई जाने वाली तीन उड़ानें रद्द करनी पड़ीं. इसके अलावा दिल्ली से दरभंगा और दिल्ली से मुंबई जाने वाली दो उड़ानों के परिचालन में भी देरी हुई. अचानक हुए इस बदलाव से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

एअर इंडिया की उड़ानों पर नहीं पड़ा असर

दूसरी ओर, एअर इंडिया ने कहा है कि वह माइक्रोसॉफ्ट आउटेज की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. फिलहाल उसकी उड़ान सेवाएं और संचार व्यवस्था सामान्य रूप से काम कर रही हैं. कंपनी के अनुसार, यात्रियों के ईमेल बिना किसी रुकावट के पहुंचते रहें, इसके लिए ईमेल ट्रैफिक को अस्थायी रूप से दूसरे रास्ते से रीरूट किया गया है.

एयरलाइन ने यह भी बताया कि वह निर्धारित 24 घंटे की समय-सीमा के भीतर यात्रियों के ईमेल का जवाब दे रही है. साथ ही यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से फ्लाइट की ताजा स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें.