#crime #प्रदेश

बिहार में दिल दहला देने वाली घटना: एक ही परिवार के चार लोगों ने खाया जहर, मां-बेटे समेत तीन की मौत

Advertisement Carousel

वैशाली। बिहार के वैशाली जिले में एक ही परिवार के चार सदस्यों के जहरीला पदार्थ खाने की घटना से हड़कंप मच गया है। गोरौल थाना क्षेत्र के प्रेमराज गांव में हुई इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 वर्षीय किशोरी की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में शोक का माहौल है।

मृतकों की पहचान निर्मला देवी (55), सीमा देवी (35) और 12 वर्षीय मुन्ना कुमार के रूप में हुई है। वहीं, 15 वर्षीय ऋषिका की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

जमीन विवाद बना घटना की वजह?
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, परिवार में जमीन बेचने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि परिवार का बेटा राहुल लगातार जमीन बेच रहा था। आरोप है कि गुरुवार को भी वह जमीन बेचने के बाद घर से चला गया। इसके बाद परिवार में तनाव और बढ़ गया।

आशंका जताई जा रही है कि जमीन को लेकर चल रहे विवाद के बीच परिवार के चार सदस्यों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और सभी परिस्थितियों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।

पुलिस खंगाल रही घटना की पूरी कहानी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जमीन की बिक्री से जुड़े विवाद को भी जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में परिवार के चार सदस्यों ने जहरीला पदार्थ खाया। फिलहाल एक किशोरी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।