#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में बिजली कंपनी को 4.30 करोड़ का चूना, गबन के आरोप में कर्मचारी गिरफ्तार

Advertisement Carousel

कवर्धा: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में बिजली वितरण कंपनी से जुड़ा करोड़ों रुपये के गबन का मामला सामने आया है। पिपरिया थाना पुलिस ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के दो केंद्रों में 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये की वित्तीय अनियमितता के मामले में कर्मचारी मनोज साहू को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने कंपनी की राशि बैंक खाते में जमा कराने के बजाय उसका गबन किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, जांच में रवेली और मरका विद्युत वितरण केंद्रों में बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ी सामने आई है। रवेली केंद्र में 3 करोड़ 17 लाख 90 हजार 699 रुपये, जबकि मरका केंद्र में 1 करोड़ 12 लाख 69 हजार 171 रुपये की अनियमितता पाई गई। दोनों केंद्रों को मिलाकर गबन की कुल राशि 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये बताई गई है।

चार साल तक कंपनी की रकम जमा नहीं कराने का आरोप

जांच में सामने आया कि आरोपी मनोज साहू वर्ष 2019-20 से 2022-23 के बीच रवेली और मरका विद्युत वितरण केंद्रों में पदस्थ था। इसी दौरान कंपनी की राशि बैंक खाते में जमा नहीं कराई गई। मामले की शिकायत मिलने के बाद पिपरिया थाना पुलिस ने धोखाधड़ी, कूटरचना और गबन समेत विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने गबन से जुड़े कृत्य स्वीकार किए। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

इस मामले में कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी नितिन तिवारी के नेतृत्व में पिपरिया पुलिस की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।