#प्रदेश

बिलासपुर विश्वविद्यालय में छात्रों के बीच जमकर मारपीट, कक्षा से कैंटीन तक पहुंचा विवाद; वीडियो वायरल

Advertisement Carousel

बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट में छात्रों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कॉमर्स विभाग में एक कार्यक्रम के आयोजन को लेकर शुरू हुई बहस देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। कक्षा से शुरू हुआ विवाद कैंटीन तक पहुंच गया, जहां दोनों पक्षों के छात्रों के बीच जमकर हाथापाई हुई। इस दौरान कुछ छात्राएं भी विवाद में शामिल नजर आईं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

कार्यक्रम के आयोजन को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, कॉमर्स विभाग में एक कार्यक्रम आयोजित कराने को लेकर ABVP छात्र संगठन के उपाध्यक्ष, अध्यक्ष और एक अन्य छात्र के बीच कहासुनी हुई थी। शुरुआत में मामूली बहस के रूप में शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे बढ़ता चला गया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विश्वविद्यालय परिसर में ही मारपीट शुरू हो गई।

वायरल वीडियो में गाली-गलौज और मारपीट

घटना के वायरल वीडियो में छात्र एक-दूसरे के साथ मारपीट करते और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते दिखाई दे रहे हैं। कैंटीन में हुए इस हंगामे के दौरान कुछ छात्राएं भी घटनाक्रम में शामिल नजर आ रही हैं।

विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद विश्वविद्यालय के सामान्य विद्यार्थियों में डर और असुरक्षा का माहौल है। शिक्षण संस्थान के परिसर में इस तरह की मारपीट ने छात्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।