छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का कहर, राजनांदगांव 45°C के साथ सबसे गर्म

रायपुर. छत्तीसगढ़ में इन दिनों गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के मध्य क्षेत्रों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। शनिवार को राजनांदगांव में पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं दुर्ग और रायपुर में तापमान 43 से 44 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के कई हिस्से इस समय लू की चपेट में हैं। दिन के साथ-साथ रातें भी असामान्य रूप से गर्म हो गई हैं। बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और आने वाले एक-दो दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। हालांकि, इसके बाद कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने के आसार हैं, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।
शनिवार को जहां एक ओर राजनांदगांव सबसे गर्म रहा, वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, विभिन्न सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण प्रदेश में गर्म और शुष्क हवाएं चल रही हैं। इसी वजह से 19 अप्रैल को भी मौसम में खास बदलाव की उम्मीद नहीं है और लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है।
राजधानी रायपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।




