पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 मतदान LIVE: टीएमसी और बीजेपी में कांटे की टक्कर, पहले चरण की 152 सीटों पर वोटिंग जारी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के तहत पहले चरण का मतदान गुरुवार को जारी है। इस चरण में राज्य के 16 जिलों की 152 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं।
कुल 1,478 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इन 152 निर्वाचन क्षेत्रों में 44 हजार से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 7,384 को अत्यधिक संवेदनशील घोषित किया गया है। इस चरण में लगभग 3 करोड़ 60 लाख मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।
मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच माना जा रहा है। कुल 44,376 बूथों पर मतदान हो रहा है, जिनमें करीब 3,000 सहायक बूथ शामिल हैं। 5,444 बूथों का संचालन महिलाएं कर रही हैं, जबकि 207 मॉडल बूथ भी बनाए गए हैं। दूसरे चरण का मतदान अगले बुधवार को होगा।
“यह बंगाल बचाने की लड़ाई है” — अग्निमित्रा पॉल
आसनसोल दक्षिण सीट से भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल ने वोट डालने के बाद कहा, “हमें पूरा विश्वास है कि जनता भाजपा को समर्थन देगी। लोग तृणमूल को हटाने के लिए दृढ़ हैं। यह बंगाल को बचाने की लड़ाई है।”
नंदीग्राम में सुवेंदु अधिकारी ने डाला वोट
सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में मतदान किया। वह नंदीग्राम और भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जहां उनका मुकाबला मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से है।
“उत्तर और दक्षिण बंगाल से साफ होगा जीत का रास्ता” — दिलीप घोष
खड़गपुर सदर से भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष ने कहा कि भाजपा को उत्तर और दक्षिण बंगाल में मजबूत समर्थन मिल रहा है और पार्टी 100 से अधिक सीटें जीत सकती है।
“पहली बार मेरी पार्टी चुनाव लड़ रही है” — हुमायूं कबीर
आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर ने कहा कि वे लंबे समय से चुनाव में भाग लेते रहे हैं, लेकिन पहली बार उनकी अपनी पार्टी चुनाव लड़ रही है। उन्होंने शांतिपूर्ण मतदान की अपील की।
ममता बनर्जी पर सुवेंदु अधिकारी का बयान
एसआईआर मुद्दे पर सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि यदि फर्जी या अवैध मतदाता न हों, तो ममता बनर्जी के जीतने की संभावना नहीं है।
मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें
आसनसोल सहित कई क्षेत्रों में मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं।
पीएम मोदी की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों, खासकर युवाओं और महिलाओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की।





