#crime #प्रदेश

दिल दहला देने वाली वारदात: जमीन विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई को कमरे में बंद कर पेट्रोल डालकर लगाई आग, युवक की मौत

Advertisement Carousel

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। बागबाहरा थाना क्षेत्र के ग्राम आमगांव में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां छोटे भाई ने अपने बड़े भाई को कमरे में बंद कर आग के हवाले कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रायपुर निवासी कृष्णकांत दुबे (38) अपनी कथित पत्नी मालती साहू के साथ मंगलवार को अपने पैतृक गांव आमगांव पहुंचे थे। यहां उनकी मां तीरथबाई और छोटा भाई दौलत दुबे रहते हैं, जो पारिवारिक जमीन की देखरेख करते हैं।
पिछले काफी समय से दोनों भाइयों के बीच जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार शाम जब कृष्णकांत ने जमीन बंटवारे को लेकर बात शुरू की, तो छोटे भाई दौलत ने इससे इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और विवाद हिंसक हो गया।

झगड़े के दौरान कृष्णकांत ने कथित तौर पर डंडे से हमला किया, जिसके जवाब में दौलत ने हंसिए से वार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने कृष्णकांत को धान और महुआ रखे कमरे में धकेलकर बाहर से दरवाजा बंद कर दिया।
आरोप है कि इसके बाद उसने पेट्रोल डालकर कमरे में आग लगा दी। इस दौरान मौके पर मृतक की मां और उसकी कथित पत्नी मौजूद थीं, लेकिन आग लगने के बाद उन्हें बचाने का प्रयास सफल नहीं हो सका।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।