#crime #प्रदेश

रायपुर में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, ‘3 Stumps’ केस में बाबू खेमानी के ठिकानों पर क्राइम ब्रांच की दबिश

Advertisement Carousel

 

रायपुर। ऑनलाइन सट्टा एप ‘3 Stumps’ से जुड़े एक बड़े नेटवर्क पर रायपुर पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसा है। इस मामले के कथित मास्टरमाइंड और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बाबू खेमानी के निवास पर क्राइम ब्रांच और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश दी।

जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई के दौरान डीएसपी, थाना प्रभारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती के बीच घर और अन्य संभावित ठिकानों की गहन तलाशी ली गई। टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को शक है कि यह पूरा नेटवर्क विदेशी कनेक्शन से भी जुड़ा हो सकता है, जिसके आधार पर यह कार्रवाई तेज की गई है। मौके पर पिछले कई घंटों से लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है।

मुंबई से पहले हो चुकी है गिरफ्तारी
इस मामले में 17 अप्रैल को रायपुर कमिश्नरेट (क्राइम एवं साइबर) ने बड़ा खुलासा किया था। पुलिस ने बाबू खेमानी को मुंबई से गिरफ्तार किया था। इसके साथ ही महाराष्ट्र और गोवा में की गई कार्रवाई में 7 अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया था और एक बड़े पैनल नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया था।
यह कार्रवाई डीसीपी क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला की निगरानी में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट द्वारा की गई थी।

कई सट्टा नेटवर्क का संचालन
जांच में सामने आया है कि बाबू खेमानी अपने भाई करण खेमानी के साथ मिलकर पिछले लगभग ढाई वर्षों से ‘3Stumps’ के अलावा ‘रेड्डी ग्रुप’, ‘बजरंग ग्रुप’, ‘मेट्रो 65’ और ‘डायमंड मास्टर’ जैसे कई ऑनलाइन सट्टा पैनलों का संचालन कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, यह पूरा गिरोह सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की आड़ में काम कर रहा था और पैसों के लेन-देन के लिए फर्जी बैंक खातों (म्यूल अकाउंट्स) का इस्तेमाल किया जाता था।

देशभर में फैला था नेटवर्क
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि यह सट्टा नेटवर्क छत्तीसगढ़ के साथ-साथ महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और गोवा सहित कई राज्यों में सक्रिय था। गोवा में चल रहे एक पैनल को भी पुलिस ने ध्वस्त कर दिया है। अब तक इस केस में कुल 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

बरामद सामग्री और आगे की जांच
पुलिस ने आरोपियों के पास से 3 लैपटॉप, 18 मोबाइल फोन, एक राउटर, 10 एटीएम कार्ड, सट्टे का हिसाब-किताब और एक बीएमडब्ल्यू कार सहित कई सामान जब्त किए हैं, जिसकी कुल कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी 20 से 30 हजार रुपये में बैंक खाते खरीदकर सट्टा लेन-देन में इस्तेमाल करते थे। साथ ही बाबू खेमानी के विदेश यात्रा रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है ताकि संभावित विदेशी कनेक्शन का पता लगाया जा सके।