Big News : कमर्शियल गैस सिलिंडर हुआ महंगा, 19 किलो सिलिंडर के दाम में ₹993 की बढ़ोतरी

नई दिल्ली। देश में 1 मई से कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी की गई है। 19 किलो वाले कमर्शियल सिलिंडर के दाम में ₹993 की वृद्धि हुई है। इस बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में इसकी कीमत अब ₹3071.50 हो गई है।
सरकारी तेल कंपनियों के अनुसार, यह वृद्धि मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की कीमतों में उतार-चढ़ाव के चलते की गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि आम उपभोक्ताओं द्वारा उपयोग किए जाने वाले 14.2 किलो के घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इसके साथ ही पेट्रोल और डीजल के दाम भी स्थिर रखे गए हैं, जिससे आम लोगों पर सीधा आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा। तेल कंपनियों का कहना है कि कुल खपत के लगभग 80 प्रतिशत हिस्से में आने वाले ईंधनों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
वहीं, एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमतों में भी घरेलू एयरलाइनों के लिए कोई बदलाव नहीं किया गया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए इसमें वृद्धि की गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि कमर्शियल सिलिंडर के दाम बढ़ने से होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यवसायों की लागत बढ़ सकती है, जिसका असर आने वाले समय में आम उपभोक्ताओं पर भी पड़ सकता है।





