West Bengal Chunav Result 2026: शुरुआती रुझानों में BJP–TMC में कांटे की टक्कर,भाजपा 117 और टीएमसी 108 सीटों पर आगे

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना के शुरुआती रुझानों में सियासी मुकाबला बेहद रोमांचक होता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 117 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) 108 सीटों पर आगे चल रही है। दोनों ही दल 100 के आंकड़े को पार कर चुके हैं, जिससे मुकाबला बेहद कड़ा नजर आ रहा है।
शुरुआती रुझानों में भाजपा को बढ़त जरूर मिली है, लेकिन टीएमसी भी करीबी मुकाबले में बनी हुई है।अंतिम नतीजों के लिए अभी इंतजार करना होगा, क्योंकि मतगणना जारी है और तस्वीर बदल सकती है।
293 सीटों पर जारी मतगणना
राज्य की 293 विधानसभा सीटों के लिए सोमवार सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हुई। 23 जिलों में बने 77 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटों की गिनती जारी है। इस चुनाव में कुल 2,926 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है।
किसके हाथ आएगी सत्ता?
इन चुनाव नतीजों से यह तय होगा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी लगातार चौथी बार सत्ता में लौटेगी या भाजपा राज्य में पहली बार सरकार बनाकर इतिहास रचेगी।
मतगणना केंद्रों को लेकर आरोप-प्रत्यारोप
नोआपारा सीट से भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया कि मतगणना केंद्रों पर उम्मीदवार या एजेंटों की मौजूदगी से पहले ही स्ट्रांग रूम खोले जा रहे हैं। उन्होंने इसे “धोखाधड़ी का प्रयास” बताते हुए शिकायत करने की बात कही।
वहीं, हुमायूं कबीर ने मुर्शिदाबाद के बहारामपुर में मतगणना एजेंटों के लिए पर्याप्त सुरक्षा और बैठने की व्यवस्था न होने का मुद्दा उठाया और चुनाव आयोग से व्यवस्था सुधारने की मांग की।
“बंगाल बदलाव के लिए तैयार”
कूच बिहार से भाजपा उम्मीदवार निसिथ प्रामाणिक ने मतगणना केंद्र पहुंचकर कहा कि “पूरा बंगाल बदलाव के लिए तैयार है।”




