Big News : दुर्ग के कुम्हारी में सिलेंडर ब्लास्ट से दर्दनाक हादसा, एक ही परिवार के 4 लोगों की जिंदा जलकर मौत

दुर्ग। दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत खपरी गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां एक मकान में अचानक गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में तीन वयस्क और करीब चार साल का एक मासूम बच्चा शामिल बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक दोपहर के समय घर के अंदर अचानक तेज धमाका हुआ, जिसके बाद आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।

काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद घर के अंदर से चार लोगों के शव बरामद किए गए। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। शुरुआती आशंका गैस रिसाव के बाद सिलेंडर ब्लास्ट की जताई जा रही है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।





