#crime #प्रदेश

रायपुर में फल व्यापारी से बंदूक और चाकू की नोक पर लूट, परिचित सहित चार आरोपी फरार

Advertisement Carousel

 

रायपुर। राजधानी रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में देर रात लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। फल बेचकर घर लौट रहे युवक से उसके ही परिचित ने तीन साथियों के साथ मिलकर बंदूक और चाकू की नोक पर 36,600 रुपये लूट लिए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक मौदहापारा निवासी शेख शाहिल बाम्बे मार्केट में फल का ठेला लगाता है। सोमवार रात करीब 10:20 बजे वह दिनभर की बिक्री की रकम लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान तालाबपार स्थित महतो गैरेज के पास फिरोज कबाड़ी गली में उसके पिता का पुराना परिचित राजा बैझड़ अपने तीन साथियों के साथ बाइक और एक्टिवा से वहां पहुंचा।

बताया जा रहा है कि राजा बैझड़ ने अल्ताफ का घर पूछने के बहाने शाहिल को बातचीत में उलझाया और गली की ओर ले गया। वहां चारों आरोपियों ने उसे घेर लिया। एक आरोपी ने पीछे से गला पकड़ लिया, जबकि अन्य ने उसके हाथ पकड़ लिए। इसके बाद आरोपियों ने बंदूक और चाकू दिखाकर उसकी जेब में रखे 36,600 रुपये लूट लिए।

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी बाइक और एक्टिवा से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने परिजनों को सूचना दी और मौदहापारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपी राजा बैझड़ और उसके तीन साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश जारी है।