बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई: नक्सलियों के ठिकानों से हथियार, विस्फोटक और लाखों की नकदी बरामद

बीजापुर। बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। जिला पुलिस, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा बटालियन और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम ने जंगलों में छिपाकर रखे गए नक्सलियों के पुराने ठिकानों और डंपों का पता लगाते हुए भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री, नकदी और दैनिक उपयोग का सामान बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान कई गुप्त बंकर भी उजागर हुए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि पिछले एक महीने से जिले के दूरस्थ और अति संवेदनशील इलाकों में लगातार सघन सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया जा रहा था। ग्रामीणों से मिले सहयोग और मजबूत खुफिया तंत्र की मदद से सुरक्षाबलों को नक्सलियों के छिपाए गए डंपों की जानकारी मिली, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई।
65 लाख नगद बरामद
अभियान के दौरान कुल 65 लाख 52 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा एलएमजी, एसएलआर, कार्बाइन, .303 और .315 रायफल समेत कुल 32 हथियार जब्त किए गए। बरामद हथियारों में 1 एलएमजी रायफल, 4 एसएलआर रायफल, 1 कार्बाइन, 5 .303 रायफल, 1 .315 रायफल, 5 सिंगल शॉट गन, 4 बारह बोर बंदूकें, 7 बीजीएल लॉन्चर और 1 पिस्टल शामिल हैं। साथ ही AK-47, एसएलआर और अन्य हथियारों के सैकड़ों जिंदा कारतूस, मैग्जीन, एलएमजी बैरल और विस्फोटक सामग्री भी बरामद हुई।
नक्सलियों की लॉजिस्टिक सप्लाई, हथियार आपूर्ति तंत्र को लगा बड़ा झटका
सुरक्षाबलों ने पहले बरामद किए गए लगभग 140 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट और यूरिया को सुरक्षा मानकों के तहत नष्ट किया। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से नक्सलियों की लॉजिस्टिक सप्लाई, हथियार आपूर्ति तंत्र और आईईडी निर्माण क्षमता को बड़ा झटका लगा है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2024 से अब तक चलाए गए अभियानों में 234 माओवादी मारे गए हैं, जबकि 1192 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया और 1003 ने आत्मसमर्पण किया है। इसी अवधि में 517 हथियार, 1092 आईईडी और कुल 20 करोड़ 8 लाख 52 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। इसमें 7.28 करोड़ रुपये नकद और 8.20 किलोग्राम सोना शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत 12.80 करोड़ रुपये बताई गई है।





