Big Breaking : वीडी सतीशन होंगे केरल के नए मुख्यमंत्री, चुनाव परिणाम के 10 दिन बाद कांग्रेस ने सीएम का किया ऐलान

दिल्ली। केरल की राजनीति में लंबे समय से चल रही बैठकों, चर्चाओं और अंदरूनी खींचतान के बाद कांग्रेस ने कथित तौर पर बड़ा फैसला लेते हुए वीडी सतीशन को राज्य का नया मुख्यमंत्री चुन लिया है। दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं दीपादास मुंशी, मुकुल वासनिक और अजय माकन ने उनके नाम की घोषणा किए जाने का दावा किया गया है।
10 दिन बाद CM के नाम का एलान
मुख्यमंत्री पद को लेकर पिछले कई दिनों से कांग्रेस के भीतर लगातार चर्चा चल रही थी। तिरुवनंतपुरम से लेकर दिल्ली तक नेताओं की बैठकों और लॉबिंग का दौर जारी था। आखिरी समय तक यह तय नहीं माना जा रहा था कि पार्टी किस नेता पर भरोसा जताएगी। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल भी अंतिम दौर की बातचीत के लिए दिल्ली में मौजूद थे। बताया गया कि राहुल गांधी ने उनसे मुलाकात के बाद नेतृत्व का फैसला सुनाया। वहीं वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला को भी राहुल गांधी ने फोन कर जानकारी दी कि मुख्यमंत्री पद की दौड़ खत्म हो चुकी है और वीडी सतीशन को चुना गया है।
जानिए कौन हैं वीडी सतीशन
कोच्चि जिले से आने वाले सतीशन इसी महीने 62 साल के होने वाले हैं। पेशे से वकील रहे सतीशन ने साल 2001 में पहली बार परवूर सीट से विधानसभा चुनाव जीतकर राजनीति में मजबूत पहचान बनाई थी। विधानसभा में अपने तेज भाषण, आंकड़ों के इस्तेमाल और विपक्ष पर तीखे हमलों के कारण वह जल्द ही कांग्रेस के प्रमुख चेहरों में शामिल हो गए। उनका सबसे बड़ा राजनीतिक उभार उस समय हुआ जब 2021 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नीत यूडीएफ को बड़ी हार का सामना करना पड़ा। हार के बाद पार्टी ने उन्हें विपक्ष का नेता बनाया। शुरुआत में कई नेताओं ने उन्हें समझौते का उम्मीदवार माना था, लेकिन उन्होंने इस जिम्मेदारी को अपनी ताकत बना लिया। सोना तस्करी मामला, एआई कैमरा विवाद और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर उन्होंने लगातार पिनराई विजयन सरकार को घेरा और खुद को राज्य में सबसे आक्रामक विपक्षी नेता के रूप में स्थापित किया।





