दिल्ली में शुरू हुई देश की पहली हाइड्रोजन बस सेवा, सेंट्रल विस्टा क्षेत्र में स्वच्छ परिवहन की नई पहल

दिल्ली। Delhi में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ शहरी परिवहन की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए हाइड्रोजन गैस से चलने वाली बस सेवा की शुरुआत की गई है। इस पहल के तहत पहली बार इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने Delhi Metro Rail Corporation को दो अत्याधुनिक हाइड्रोजन बसें सौंपी हैं।
आज से सेंट्रल विस्टा क्षेत्र में एकीकृत हाइड्रोजन चालित शटल सेवा शुरू की गई है, जिसका संचालन आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सहयोग से किया गया है। इसका उद्देश्य स्वच्छ, टिकाऊ और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देना है।
यह शटल सेवा Central Secretariat और Seva Teerth मेट्रो स्टेशनों के बीच संचालित होगी और सेंट्रल विस्टा क्षेत्र के प्रमुख सरकारी कार्यालयों को जोड़ेगी। इसके रूट में कार्तव्य भवन, विज्ञान भवन, निर्माण भवन, अकबर रोड और बड़ौदा हाउस जैसे महत्वपूर्ण स्थल शामिल हैं। साथ ही India Gate और नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट्स जैसे प्रमुख स्थान भी इस मार्ग में कवर होंगे।
इन बसों में जीपीएस आधारित ट्रैकिंग और सीसीटीवी सिस्टम लगाया गया है, जिससे रियल टाइम निगरानी, सुरक्षा और समयबद्ध संचालन सुनिश्चित होगा।
सेवा सोमवार से शुक्रवार (राजपत्रित अवकाशों को छोड़कर) चलाई जाएगी। इसका समय सुबह 8:30 से 12:30 बजे और दोपहर 3:30 से शाम 6:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। बस हर 30 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध होगी और एक बस दक्षिणावर्त तथा दूसरी वामावर्त दिशा में चलेगी।
किराया यूपीआई, नकद और नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड के माध्यम से लिया जाएगा, जिसमें 10 रुपये और 15 रुपये की स्टेज-आधारित दरें तय की गई हैं।
यह पहल भारत सरकार की हरित ऊर्जा और प्रदूषण मुक्त परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिसे भविष्य में देशभर में हाइड्रोजन आधारित परिवहन मॉडल के रूप में विस्तार देने की योजना है।





