Breaking : रायपुर में हाई अलर्ट के बीच पूर्व विधानसभा अध्यक्ष से मोबाइल झपटमारी, पुलिस जांच में जुटी

रायपुर। राजधानी रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहने के बावजूद सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल झपटमारी की घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, धरमलाल कौशिक सुबह करीब 8 बजे अपने निवास से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान शंकर नगर स्थित भारत माता चौक के पास दो अज्ञात बाइक सवारों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और तेज रफ्तार में फरार हो गए।
घटना के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
गौरतलब है कि यह घटना ऐसे समय में हुई है जब अमित शाह के दौरे को लेकर रायपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम और हाई अलर्ट जारी है। पुलिस मामले की सभी एंगल से जांच कर रही है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।




