बिलासपुर : घर में गोमांस पकाने की सूचना पर हंगामा, पुलिस ने मांस जब्त कर जांच शुरू की

बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र के देवनगर वांबे स्थित एक फ्लैट में कथित तौर पर गोमांस पकाने और सेवन करने की सूचना मिलने के बाद मंगलवार को जमकर हंगामा हो गया। सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
स्थिति तनावपूर्ण होती देख Chhattisgarh Police ने तत्काल मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया। कोनी थाना प्रभारी राजश्री दामू कोशले के अनुसार, फ्लैट में रहने वाले विकास बांधे और उसकी पत्नी रुक्मिणी पर कथित रूप से गोमांस पकाने और सेवन करने का आरोप है।
पुलिस ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर पति-पत्नी नशे की हालत में मिले। आसपास की महिलाओं की मदद से महिला को बाहर निकाला गया, जबकि उसके पति को पुलिस वाहन से अस्पताल भेजा गया। फ्लैट से मांस के टुकड़े और पका हुआ मांस बरामद कर उसे जांच के लिए लैब भेज दिया गया है।
हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने मामले की लिखित शिकायत कोनी थाने में दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि दंपती लंबे समय से बाहर से मांस लाकर फ्लैट में सुखाते और उसका सेवन करते थे। स्थानीय लोगों ने कई बार इसका विरोध भी किया था। फिलहाल पुलिस का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





