#प्रदेश

भीषण गर्मी पर CM विष्णुदेव साय की अपील: “सतर्क रहें, जरूरतमंदों और पशु-पक्षियों का सहारा बनें”

Advertisement Carousel

 

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी को लेकर लोगों से सतर्कता, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तेज गर्मी के इस दौर में हर व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के साथ-साथ आसपास के जरूरतमंद लोगों का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए।

“पानी साथ रखें, तेज धूप से बचें”

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से पर्याप्त पानी पीने, बाहर निकलते समय पानी साथ रखने और अनावश्यक रूप से तेज धूप में जाने से बचने का आग्रह किया।उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां लोगों और उनके परिवार को सुरक्षित रखने में बड़ी भूमिका निभा सकती हैं।

राहगीरों के लिए पानी की व्यवस्था करने की अपील

सीएम साय ने लोगों से घर, दुकान, कार्यालय और सार्वजनिक स्थानों के आसपास राहगीरों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था करने की भी अपील की।उन्होंने कहा कि यह छोटा प्रयास किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए बड़ी राहत बन सकता है।

बच्चों, बुजुर्गों और मजदूरों का रखें खास ध्यान

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, श्रमिकों और खुले में काम करने वाले लोगों का ध्यान रखने को कहा।उन्होंने अपील की कि अगर किसी व्यक्ति की तबीयत गर्मी के कारण बिगड़ती दिखाई दे तो उसे तुरंत छायादार स्थान पर ले जाकर पानी, ORS या अन्य तरल पदार्थ दिए जाएं और जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जाए।

पशु-पक्षियों के लिए भी रखें पानी

मुख्यमंत्री ने लोगों से पशु-पक्षियों के प्रति भी संवेदनशील होने की अपील की। उन्होंने कहा कि घर, छत, दुकान या आंगन में पानी का छोटा पात्र रखना भीषण गर्मी में किसी जीव के लिए जीवनदायिनी साबित हो सकता है।