#प्रदेश #राष्ट्रीय

Muzaffarpur Hospital Fire: ICU में लगी भीषण आग, 5 मरीजों की मौत; कई बेसुध हालत में निकाले गए

Advertisement Carousel

 

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसाद अस्पताल के आईसीयू में आग लगने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मरीज गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार आग गुरुवार सुबह करीब 2 बजे अस्पताल की ऊपरी मंजिल स्थित आईसीयू में लगी। देखते ही देखते धुआं पूरे अस्पताल में फैल गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

5 मृतकों की हुई पहचान

सुबह 9:30 बजे तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई। मृतकों की पहचान औराई निवासी 30 वर्षीय शशांक कुमार, कथैया की गीता देवी, शिवहर के तरियानी निवासी 57 वर्षीय उदय कुमार, कृष्ण नंदन और चंचला कुमारी के रूप में हुई है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

10 से 15 लोगों को बेसुध हालत में निकाला गया

प्रत्यक्षदर्शियों और दमकलकर्मियों के अनुसार आग लगने के बाद 10 से 15 लोगों को बेसुध अवस्था में अस्पताल से बाहर निकाला गया। कई मरीजों को तत्काल आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान पुलिस और दमकल कर्मियों ने बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि आग के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के समय आईसीयू में कई गंभीर मरीज भर्ती थे, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।

अस्पताल प्रशासन पर उठे सवाल

घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आग लगने के बाद बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिससे मरीजों को समय पर बाहर नहीं निकाला जा सका।

डीएम बोले- होगी जांच

मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने कहा कि अस्पताल प्रशासन की भूमिका की जांच की जाएगी। साथ ही आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराए गए मरीजों की स्थिति का भी आकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया गया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी।

हादसे के बाद पूरे शहर में शोक और चिंता का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करने की अपील की है।